Sunday, 27 September 2026

कम पानी का दबाव और सीवर ओवरफ्लो से परेशान सेक्टरवासी, अधिकारियों के सामने रखीं समस्याएं

  


रोहिणी, योगराज शर्मा। सेक्टर 20-25 फेडरेशन की ओर से रविवार को पॉकेट-10, सेक्टर-22 स्थित सेंट्रल पार्क में आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें सेक्टर 20, 21, 22, 23, 24 और 25 की विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों तथा स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। बैठक में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। महिलाओं और युवाओं की भी बैठक में सक्रिय भागीदारी रही।

214.12 करोड़ के विकास कार्यों का स्वागत

बैठक में सरकार की ओर से किराड़ी, बवाना, मुंडका, नरेला और नांगलोई जाट की अनधिकृत कॉलोनियों में 214.12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन का स्वागत किया गया। हालांकि, फेडरेशन ने इस बात पर चिंता जताई कि रोहिणी सेक्टर 20-25 की अधिकृत कॉलोनियों को इस विकास पैकेज में शामिल नहीं किया गया है।


सड़क, सीवर और पानी की समस्याएं उठाईं

स्थानीय निवासियों ने कहा कि सेक्टर 20-25 में सड़क, सीवर और पेयजल से संबंधित कई समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। कई स्थानों पर कम पानी का दबाव, दूषित पानी, सीवर जाम और ओवरफ्लो जैसी शिकायतें सामने आती रहती हैं। फेडरेशन ने इन समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष प्राथमिकता से उठाने का निर्णय लिया।

जल बोर्ड के सहयोग की सराहना

बैठक में दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों की ओर से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में किए जा रहे सहयोग की सराहना की गई। फेडरेशन ने निर्णय लिया कि जलापूर्ति और सीवर से जुड़ी शिकायतों को व्यवस्थित रूप से एकत्र कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उनका समयबद्ध समाधान कराया जा सके।

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

बैठक में फेडरेशन को और मजबूत बनाने के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। क्षेत्र के विकास के लिए आगामी कार्ययोजना पर सदस्यों ने अपने सुझाव दिए। सक्रिय सदस्यों के योगदान को देखते हुए उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।

फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी के विरोध में खड़ा होना नहीं, बल्कि सरकार और संबंधित विभागों के सहयोग से रोहिणी सेक्टर 20-25 में बेहतर नागरिक सुविधाएं और समान विकास सुनिश्चित कराना है।

No comments:

Post a Comment