फिरोजाबाद शहर यूं तो कांच की चूड़ियों के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है, लेकिन यहां की बोहरान गली चूड़ी कारोबार का सबसे बड़ा और खास केंद्र मानी जाती है। इस गली में कदम रखते ही रंग-बिरंगी, चमकदार और फैंसी चूड़ियों की दुनिया नजर आती है, जहां हजारों तरह की वैरायटी उपलब्ध हैं।
बोहरान गली में जरकन, स्टोन, नग और मोती से सजी कांच की फैंसी चूड़ियां बेहद किफायती दामों पर मिल जाती हैं। यहां चूड़ियों की कीमत सिर्फ 10 रुपये प्रति दर्जन से शुरू होकर 300 रुपये प्रति दर्जन तक जाती है। सस्ते दाम और बेहतरीन डिजाइन के कारण इस बाजार की मांग देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैली हुई है।
सुबह से शाम तक बोहरान गली में चूड़ियां खरीदने वालों की भीड़ लगी रहती है। यहां आने वाले ग्राहक इतनी ज्यादा वैरायटी देखकर अक्सर असमंजस में पड़ जाते हैं कि आखिर कौन-सी चूड़ियां खरीदी जाएं। यही वजह है कि यह गली महिलाओं के साथ-साथ थोक व्यापारियों की भी पहली पसंद बनी हुई है।
स्थानीय व्यापारी मोहित बंसल बताते हैं कि फिरोजाबाद की चूड़ियां पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती हैं। खासतौर पर बोहरान गली में बनने और बिकने वाली फैंसी चूड़ियां कहीं और देखने को नहीं मिलतीं। इस बाजार में देश के अलग-अलग राज्यों से व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।
हजारों दुकानों से सजी बोहरान गली में घुसते ही चूड़ियों की खरीदारी अपने आप शुरू हो जाती है, और यही गली फिरोजाबाद को चूड़ी नगरी के रूप में पहचान दिलाती है।
.jpg)
No comments:
Post a Comment