Friday, 16 January 2026

अफगान क्रिकेटर शफूर जादरान अस्पताल में भर्ती, हालत नाज़ुक


 नई दिल्ली: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शफूर जादरान इस समय जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी बीमारी की जानकारी साझा की है, जिसके बाद क्रिकेट जगत में चिंता की लहर दौड़ गई है।

शफूर जादरान अफगानिस्तान के लिए 80 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और देश के शुरुआती दौर के प्रमुख क्रिकेटरों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने प्रदर्शन से अफगान क्रिकेट को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके योगदान के कारण ही आज राशिद खान, मोहम्मद नबी और रहमानउल्ला गुरबाज जैसे खिलाड़ी दुनिया में पहचान बना पाए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शफूर की तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अफगान क्रिकेट से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि उनका व्हाइट ब्लड सेल (WBC) स्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया है, जिसके चलते उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

उनके भाई ने सोशल मीडिया पर लोगों से दुआ करने की अपील की है। अफगानिस्तान के क्रिकेट फैंस और खिलाड़ियों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

अफगान क्रिकेट बोर्ड की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन शफूर की हालत को लेकर सभी बेहद चिंतित हैं।

No comments:

Post a Comment